अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार में लगी आग, CRPF जवान और ड्राइवर की मौत
Tanakpur-Pithoragarh Highway पर बाराकोट के पास कार खाई में गिरने से CRPF जवान और चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई, जबकि पत्नी और बच्चे घायल हैं।
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे (एनएच-9) पर शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाराकोट के मरोड़ाखान के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार के मालिक और सीआरपीएफ (CRPF) जवान सहित ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार जवान की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जिला आपदा नियंत्रण केंद्र को शुक्रवार दोपहर करीब पौने एक बजे बंतोली गांव के पास हादसे की सूचना मिली। खाई में गिरते ही टाटा पंच कार में जोरदार धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। कार का दरवाजा बंद होने के कारण सीआरपीएफ जवान अंदर ही फंस गए थे।
इस हादसे में जान गंवाने वाले 34 वर्षीय बलदेव कुमार कनालीछीना के निवासी थे और काठगोदाम में सीआरपीएफ जवान के रूप में तैनात थे। आग लगने के कारण कार के अंदर ही उनका शव बुरी तरह जल गया। कार को डीडीहाट निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार चला रहे थे। हादसे के वक्त राजेंद्र कार से बाहर छिटक गए थे, लेकिन गहरी चोटों के कारण उनकी भी जान नहीं बच सकी।
जवान बलदेव की 31 वर्षीय पत्नी नीतू देवी, उनकी आठ साल की बेटी अक्षिता और पांच साल का बेटा आरव भी कार में सवार थे। ये तीनों कार के खाई में गिरते समय बाहर की तरफ छिटक गए थे। इस वजह से तीनों की जान बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं। आपातकालीन टीम ने तीनों घायलों को तुरंत लोहाघाट उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस प्रशासन मामले की गहनता से जांच कर रहा है। एसपी रेखा यादव ने बताया कि टीम हादसे के असली कारणों का पता लगा रही है। इस घटना से जवान के परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
