Report by : CWN Desk
Published at :
आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थी को दस लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने की तैयारी

केंद्र सरकार ने विभिन्न राज्यों के साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श शुरू किया
देहरादून। केंद्र सरकार आयुष्मान योजना के तहत लाभार्थी को दस लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विभिन्न राज्यों के साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख एजेंसियों के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया गया है।
आयुष्मान योजना में लाभार्थी को फिलहाल सालाना पांच लाख रुपये तक का बीमा कवर यानि मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। कई बीमारियों के इलाज के लिए यह राशि कम पड़ती है। इसके चलते देशभर में आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सीमा बढ़ाने जाने की मांग हो रही थी। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने अब योजना के तहत बीमा कवर बढ़ाने पर विचार शुरू कर दिया है।
दरअसल, केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री एसपीएस बघेल ने कुछ दिन पहले उत्तराखंड के अफसरों के साथ इस संदर्भ में बैठक की। हरिद्वार में हुई इस बैठक में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के विशेषज्ञों के साथ निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। उस बैठक में मौजूद रहे राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक अतुल जोशी ने इसकी कवायद की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुफ्त इलाज की सीमा बढ़ाने को लेकर सभी से राय ली गई थी। सभी ने योजना के तहत बीमा कवर बढ़ाने पर सहमति भी जताई थी। मालूम हो कि उत्तराखंड में आयुष्मान योजना के तहत 54 लाख से अधिक लोग पंजीकृत हैं। प्रदेश में योजना शुरू होने से अब तक करीब 10 लाख लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। इसके लिए सरकार ने लगभग 1900 करोड़ रुपये खर्च किए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›