Report by : CWN Desk
Published at :
Uttarakhand Board Exam 2026: पिथौरागढ़ में बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी, धारचूला में बड़ी कार्रवाई

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के दौरान पिथौरागढ़ के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। धारचूला में लापरवाही मिलने पर कक्ष निरीक्षकों को हटाया गया।

पिथौरागढ़। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी तरूण पंत ने राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी, थल और पाँखू का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों के बैठने और परीक्षा संचालन में कोई कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान धारचूला क्षेत्र में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु नौगाई ने जब राजकीय इंटर कॉलेज धारचूला का निरीक्षण किया, तो वहां कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में भारी अनियमितता पाई गई। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कक्ष निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा प्रभारी से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अधिकारियों ने केवल परीक्षा केंद्रों का ही नहीं, बल्कि निर्माणाधीन विद्यालय भवनों का भी अवलोकन किया। राजकीय इंटर कॉलेज जौलजीबी में बन रहे नए भवन की गुणवत्ता जांची गई और संबंधित विभाग को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, डीडीहाट में बनाए गए उप-संकलन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। वहां उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा और उनके सुरक्षित रख-रखाव के लिए सख्त गाइडलाइंस दी गई हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले के अन्य संवेदनशील केंद्रों पर भी फ्लाइंग स्क्वाड की नजर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी या शिक्षक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में यह निरीक्षण अभियान और भी तेज किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›