नैनीताल
रामनगर में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने शव संग कोतवाली में किया हंगामा
रामनगर के टांडा में 28 वर्षीय रवि सैनी की संदिग्ध मौत पर बवाल। परिजनों ने शव के साथ कोतवाली में किया प्रदर्शन, पुलिस से तीखी नोकझोंक।
रामनगर। ग्राम टांडा में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी हंगामा देखने को मिला। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार को शव को टेंपो में रखकर रामनगर कोतवाली के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गांव की ही एक महिला पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की पहचान टांडा मल्लू निवासी रवि सैनी पुत्र दयाराम के रूप में हुई है। बीते शुक्रवार की रात रवि का शव गांव की ही एक महिला के घर के पास पड़ा मिला था। परिजनों का कहना है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसके हाथ पर चाकू से वार किए जाने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और उग्र भीड़ के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक सुबह से ही उक्त महिला के घर पर था और उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। लगभग आधे घंटे के भारी विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। वहीं संदेह के आधार पर एक महिला और पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।
मृतक के भाई जॉन ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच और रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
