Report by : CWN Desk
Published at :
काठगोदाम और बनारस एक्सप्रेस के समय में बदलाव, देखें पूरा शेड्यूल

रायवाला-देहरादून रेलखंड पर SQRS कार्य के चलते काठगोदाम और बनारस एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। यात्रा से पहले चेक करें संशोधित शेड्यूल।

हल्द्वानी। उत्तर रेलवे के रायवाला-देहरादून (RWL-DDN) सिंगल लाइन रेलखंड पर संरक्षा एवं मरम्मत (SQRS) कार्य जारी है। इस कारण 4 घंटे के ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक की अवधि में विस्तार किया गया है। उत्तर रेलवे से प्राप्त सूचना के आधार पर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने इस व्यस्त रूट पर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों के संचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। यह ब्लॉक 21 अगस्त 2026 से 2 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगा और कुल 45 फेरों को प्रभावित करेगा।
उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) पी. के. अस्थाना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, काठगोदाम से देहरादून जाने वाली ट्रेन संख्या 14119 (काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस) अपने प्रारंभिक स्टेशन से 90 मिनट देरी (री-शेड्यूल) से रवाना होगी। यह व्यवस्था अगस्त, सितंबर, अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर की निर्धारित 45 तिथियों पर लागू रहेगी। अगस्त माह में 20, 23, 25, 27 और 30 तारीख को यह ट्रेन देरी से चलेगी।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 15119 (बनारस-देहरादून एक्सप्रेस) को भी इन्हीं 45 निर्धारित तिथियों पर अपने मार्ग में 30 मिनट रेगुलेट (रोककर) चलाया जाएगा। रेलवे ने यह निर्णय ट्रैक रखरखाव कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए लिया है। यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए नया शेड्यूल जारी किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्टेशनों पर नोटिस बोर्ड, पूछताछ केंद्रों और संचार माध्यमों से इस बदलाव का व्यापक प्रचार किया जाए। Indian Railways Portal पर जाकर यात्री अपनी यात्रा से पहले समय सारणी की जांच कर सकते हैं, ताकि स्टेशन पर किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›