हरिद्वार
रुड़की में सनसनीखेज वारदात: भाई ने दो सगी बहनों की गोली मारकर की हत्या, जीजा गंभीर
रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में युवक ने अपनी दो शादीशुदा बहनों की गोली मारकर हत्या की और जीजा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा।
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बहनों के बर्ताव से नाराज एक युवक ने अपनी दो सगी शादीशुदा बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस गोलीबारी में महिला का पति यानी आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी विक्की (28) निवासी चुड़ियाला, भगवानपुर मंगलवार रात हथियार लेकर गणेशपुर सेक्टर रोड पहुंचा। वहां उसने अपनी बड़ी बहन संगीता (50) पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे संगीता की मौके पर ही मौत हो गई। इस पहली हत्या को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी बिना रुके अपनी दूसरी बहन के ठिकाने की ओर निकल पड़ा।
इसके बाद आरोपी पनियाला रोड स्थित गली नंबर पांच पहुंचा, जहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा अपने पति के साथ किराये पर रह रही थी। आरोपी ने कमरे में दाखिल होते ही पुष्पा (40) और उसके पति संदीप (45) को निशाना बनाकर गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से पुष्पा ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी बहनों के व्यवहार से बेहद नाराज चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ने महज 10 मिनट के भीतर दो किलोमीटर की दूरी तय करते हुए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हिरासत में है और हत्या के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
