Connect with us

हल्द्वानी

हल्दूचौड़ तिराहे पर डंपर ने स्कूटी सवार को कुचला, युवक की दर्दनाक मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्दूचौड़ तिराहे पर हाईवे पार करते समय डंपर की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है

हल्द्वानी। लालकुआं के पास स्थित हल्दूचौड़ तिराहे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार युवक को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में स्कूटी सवार युवक की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय कमल पांडे (पुत्र पूरन पांडे), निवासी हिम्मतपुर चौम्वाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कमल पांडे रविवार दोपहर करीब पौने एक बजे अपनी स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही वह हल्दूचौड़ तिराहे पर पहुंचे, तभी हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) हल्द्वानी भिजवाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मृतक पेशे से ड्राइवर थे और परिवार में दो भाइयों में छोटे थे। उनकी एक तीन साल की मासूम बेटी भी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और परिजनों की तहरीर मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Select Language

Advertisement