Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने दिया बच्चे को जन्म, युवक पर पॉक्सो में केस

उत्तराखंड के रामनगर में 16 साल की नाबालिग किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने भगाकर ले जाने वाले आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया।

रामनगर। सरकारी अस्पताल में 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी द्वारा बच्चे को जन्म देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने किशोरी के साथ रह रहे युवक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता मूल रूप से काशीपुर की रहने वाली बताई जा रही है।
कोतवाल सुशील कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हल्द्वानी के शिवाजी कॉलोनी (मानपुर पश्चिम) निवासी आरोपी दिनेश वर्ष 2024 में काशीपुर की रहने वाली किशोरी को भगाकर रामनगर ले आया था। आरोपी रामनगर में ही एक दुकान में काम कर रहा था और दोनों वहीं साथ रह रहे थे। रविवार को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर आरोपी किशोरी को रामनगर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसने नवजात बच्चे को जन्म दिया।
अस्पताल में जमा कराए गए सरकारी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद किशोरी की उम्र 16 वर्ष 5 माह पाई गई। नाबालिग होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दिनेश के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) भी करवा लिया है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं आरोपी युवक द्वारा किशोरी के साथ विवाह किए जाने के दावों की भी पुलिस गहराई से पड़ताल कर रही है। कानून के मुताबिक नाबालिग के साथ किसी भी तरह का विवाह अथवा सहमति अमान्य मानी जाती है, जिसके तहत यह कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उत्तराखंड में नाबालिगों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों और इस तरह के मामलों को लेकर पुलिस सख्त रुख अपना रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया जाएगा और पीड़िता तथा नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›