Report by : कालू वर्मा
Published at :
haridwar (23) 1792248229705 m

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में गरमाई सियासत। CBI ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार आवास और देहरादून गेस्ट हाउस में की पूछताछ।

हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच को लेकर एक बार फिर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की सक्रियता सामने आई है, जिसके तहत ज्वालापुर के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ के हरिद्वार स्थित आवास पर सीबीआई की टीम पहुंची। इसके अलावा, देहरादून के शिवालिक गेस्ट हाउस में भी पूर्व विधायक से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, अंकिता भंडारी हत्याकांड में हाल के दिनों में सामने आए नए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर इस जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर अभी तक सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही पूछताछ के निष्कर्षों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा की गई है।
बता दें कि बीते दिसंबर में एक अभिनेत्री का वीडियो सामने आने के बाद इस प्रकरण पर चर्चाएं नए सिरे से तेज हुई थीं। इसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वायरल ऑडियो में कथित वीआईपी कनेक्शन और एक वरिष्ठ नेता के नाम का जिक्र होने के गंभीर दावे किए गए थे, जिसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका का सवाल लंबे समय से सार्वजनिक और राजनीतिक बहस का मुख्य केंद्र रहा है। ऐसे में सीबीआई की जांच में यदि इन तमाम दावों और तथ्यों की गहराई से पड़ताल की जाती है, तो इसके नतीजे मामले की दिशा तय करने में बेहद अहम साबित होंगे। फिलहाल, जांच से जुड़ी खबरों और सोशल मीडिया की सामग्री को प्रमाणित तथ्यों से अलग रखकर ही देखा जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›