मुख्यमंत्री धामी द्वारा जैनी प्रकरण का मुद्दा उठाने पर कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भड़क गए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने बीजेपी नेताओं को खुली चेतावनी दी है।
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत से जुड़े वर्षों पुराने ‘जैनी प्रकरण’ का मुद्दा उठाए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
इस मुद्दे पर हरक सिंह रावत काफी असहज नजर आए और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी। कार में बैठकर बनाए गए इस वीडियो में हरक सिंह रावत ने मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला और खुली चेतावनी दी।
हरक सिंह रावत ने कहा कि यदि उन्होंने अपना मुंह खोल दिया तो भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के लिए जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के बड़े नेताओं के इशारे पर इस मामले को तूल दिया गया था, जबकि उन्हें इस प्रकरण में सीबीआई से क्लीन चिट मिल चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद इस मामले में डीएनए टेस्ट और जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए थे और वह इस तरह की राजनीति के लिए किसी को माफ नहीं करेंगे। फिलहाल इस जुबानी जंग से प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।