Report by : CWN Desk
Published at :
122d711ea7d863e065c3e57aa9d61b6e original

सितारगंज में दर्दनाक हादसा! किच्छा हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी को बेकाबू कार ने रौंदा। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित किया। चालक गिरफ्तार।

रुद्रपुर। सितारगंज में किच्छा हाईवे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार सुबह बेटी के स्कूल में आयोजित शिक्षक-अभिभावक बैठक में जा रही मां-बेटी को बेकाबू कार चालक ने बुरी तरह रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कार समेत दोनों को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मां और बेटी दोनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान उत्तरांचल कॉलोनी (दड़हा) निवासी 34 वर्षीय मीनू देवी और उनकी सात वर्षीय बेटी अनिष्का के रूप में हुई है। मीनू देवी अपनी दो बेटियों, सात वर्षीय अनिष्का और 10 वर्षीय राधिका के साथ ग्रीन वुड हायर सेकेंडरी स्कूल जा रही थीं। सुबह करीब 11 बजे किच्छा हाईवे पर आरके ढाबा के पास तीनों सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी कार चालक को मौके पर ही दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मां-बेटी दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मामले की जानकारी देते हुए शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज जगदीश तिवारी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की पूरी गहनता से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›