Report by : CWN Desk
Published at :
child death teenager demo child body 1662816013

हरिद्वार के मायापुर स्थित होटल में देहरादून निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। साथ ठहरी युवती का दावा- फंदे पर लटकते देख दुपट्टा काटकर उतारा।

हरिद्वार। हरिद्वार के मायापुर स्थित होटल चित्रा ग्रैंड में रायवाला, देहरादून निवासी युवक साहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के समय युवक अपनी एक महिला मित्र (परिचित युवती) के साथ होटल के कमरे में ठहरा हुआ था। अचानक हुई इस घटना के बाद होटल प्रबंधन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।
युवती के अनुसार घटना के वक्त वह गहरी नींद में सो रही थी। जब उसकी आंख खुली तो उसने साहिल को दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत समझदारी दिखाते हुए चाकू से दुपट्टा काटकर युवक को नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस की मदद से निकटतम मेला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है, जिसमें दोनों ठहरे हुए थे। पुलिस हर कोण से मामले की छानबीन कर रही है ताकि मौत के असल कारणों का पता लगाया जा सके।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को सूचित कर दिया गया है। पुलिस युवती और होटल स्टाफ से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो पाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›