बनबसा मिलिट्री स्टेडियम में 23 से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी। चंपावत और पिथौरागढ़ के 4,492 अभ्यर्थी लेंगे भाग।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के युवाओं के लिए भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का बेहतरीन अवसर सामने आया है। बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेडियम में 23 से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती रैली में दोनों जिलों के कुल 4,492 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। भर्ती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
भर्ती प्रक्रिया का तहसीलवार कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। 23 नवंबर को पिथौरागढ़ तहसील के 834 अग्निवीर जीडी अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट और गणाई गंगोली के 949 युवा शामिल होंगे। इसके बाद 25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल के 990 अभ्यर्थी तथा 26 नवंबर को चंपावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के 988 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में 27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट के जीडी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दोनों जिलों के तकनीकी और ट्रेड्समैन पदों के 731 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके पश्चात 28 और 29 नवंबर को अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। ध्यान रहे कि यह भर्ती रैली केवल उन्हीं उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) सफलतापूर्वक पास किया है।
जिला प्रशासन ने भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी ने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, ठहरने, भोजन, शौचालय और परिवहन की सुचारू व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती रहेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस के कर्नल अमोल डाबड़गावो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।