Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार: कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि एक व्यक्ति का पिछले तीन महीने से उसके घर आना-जाना था। वह अक्सर अकेले में उसे बहलाने-फुसलाने की कोशिश करता था और उसके पति से तलाक लेने की सलाह देता था।
पीड़िता के अनुसार, 15 जुलाई को दोपहर करीब डेढ़ बजे आरोपी उसके घर आया और अपने साथ कोल्ड ड्रिंक लाया। उसने कहा कि यह कोल्ड ड्रिंक उसके और बच्चों के लिए लाया गया है। पीड़िता का आरोप है कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गई, और इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
होश आने पर उसे घटना का आभास हुआ। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने किसी को कुछ भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मानसिक रूप से आहत पीड़िता ने 23 जुलाई को यह पूरी घटना अपने पति और ससुरालजनों को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›