Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड पुलिस की वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी, दो युवकों पर हुई कार्रवाई

हल्द्वानी। उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युवकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए वीडियो डिलीट कराए गए और संबंधित युवकों से जुर्माना भी वसूला गया।

वायरल वीडियो में युवक उत्तराखंड पुलिस के निरीक्षक की वर्दी पहनकर अभिनय करते नजर आए। वर्दी का दुरुपयोग कर इस तरह की रील बनाना पुलिस विभाग की गरिमा और अनुशासन के खिलाफ है। एसएसपी मीणा ने कहा कि पुलिस की वर्दी मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वर्दी पहनकर बनाए गए इस प्रकार के वीडियो कानून का उल्लंघन हैं और जनता के बीच भ्रम पैदा करते हैं।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था, पुलिस की छवि को प्रभावित करने वाले वीडियो पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›