हल्द्वानी। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से मामले का खुलासा किया।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र और सीओ नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी जीतपुर नेगी के जंगल में छिपे हैं।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों – आशीष राम उर्फ कांचा, हिमांशु सम्मल और मोहम्मद हसन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आशीष और हिमांशु ने बाइक चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेस अस्पताल की पार्किंग और नानक स्वीट्स के पास से तीन बाइकें चुराई थीं। इनमें से एक बाइक (UK04J8614 सुपर स्प्लेंडर) ₹4000 में मोहम्मद हसन को बेच दी थी, जबकि बाकी दो बाइकें (UK04U4526 और UK04M8248) जंगल में छिपा दी थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 241/2025, 243/2025 और 244/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। तीनों आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
एसएसपी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2500 का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार, सिमरन, मनमोहन सिंह रौतेला, कांस्टेबल संतोष विष्ट, अनिल गिरी और दिनेश नगरकोटी शामिल थे।