हरिद्वार
पूर्व विधायक चैंपियन और विधायक उमेश कुमार के बीच विवाद ने पकड़ा तूल, दोनों पक्षों पर दर्ज हुए मुकदमे
रुड़की: रुड़की-लक्सर मार्ग पर शुक्रवार शाम हुए हाई-प्रोफाइल विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और खानपुर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पूर्व विधायक चैंपियन के चालक की तहरीर के अनुसार, विधायक उमेश कुमार और उनके समर्थकों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
वहीं, उमेश कुमार के पक्ष की ओर से दर्ज तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक की गाड़ी ने ओवरटेक कर जानबूझकर साइड मारी, फिर लाठी-डंडों और सरियों से गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। इसके साथ ही गाली-गलौज और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे सोलानी पुल के पास हुई थी, जब दोनों नेताओं के काफिले आमने-सामने आ गए। सड़क पर ही विवाद और झड़प की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। अब यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों ही मोर्चों पर चर्चा का विषय बन गया है।
