Report by : CWN Desk
Published at :
कपकोट आपदा प्रभावित क्षेत्र में दौरे के दौरान हादसा, विधायक का गनर नाले में बहा – SDRF ने बचाई जान

बागेश्वर। जिले के कपकोट क्षेत्र में आपदा प्रभावित गांवों का हाल जानने पहुंचे विधायक सुरेश गड़िया के दौरे के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्षेत्रीय भ्रमण के समय अचानक एक उफनते नाले को पार करते वक्त विधायक का गनर तेज बहाव में बह गया। घटना होते ही मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और गनर को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। रेस्क्यू के दौरान गनर को मामूली चोटें आईं, हालांकि चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। इस त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली।
विधायक सुरेश गड़िया ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक के इस मौके पर पहुंचने को साहसिक कदम बताते हुए सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि आपदा की इस कठिन घड़ी में जनप्रतिनिधि का सीधा मैदान में आकर हालात का जायजा लेना मनोबल बढ़ाने वाला है।
कपकोट क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। कई गांव आपदा की चपेट में आ गए हैं, जिससे जन-धन की हानि हुई है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›