Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में रकसिया व कलसिया नालों से हटेगा अतिक्रमण, 58 मकानों पर लगे लाल निशान

हल्द्वानी। शहर के रकसिया और कलसिया नाला क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने दोनों क्षेत्रों में अभियान चलाकर 58 अतिक्रमण चिह्नित किए और संबंधित मकानों पर लाल निशान लगाए। अब इन मकानों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।

एसडीएम राहुल शाह के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने नालों के किनारे अतिक्रमण चिह्नीकरण, भौतिक सीमांकन और अभिलेखीय सत्यापन का कार्य किया। टीम ने भूमि अभिलेखों का मिलान करते हुए नालों की वास्तविक सीमाओं की पहचान की और जहां-जहां अतिक्रमण पाया गया, वहां चिन्ह लगाकर कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से पहले देवखड़ी और रकसिया नालों के किनारे भी अतिक्रमण की प्राथमिक पहचान की जा चुकी थी। जिन लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे, उनकी आपत्तियों का निस्तारण कर अब स्थलीय निरीक्षण और नपाई के बाद लाल निशान लगाए गए हैं। मंगलवार को संजय नगर और आवास विकास क्षेत्र में चिह्नित 58 मकानों का निरीक्षण कर टीम ने सीमांकन कार्य पूरा किया।

अधिकारियों ने बताया कि नालों पर अवैध निर्माण से जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में प्रशासन अब चरणबद्ध रूप से अतिक्रमण हटाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस कार्रवाई में तहसीलदार मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक कुलदीप पांडेय समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›