Report by : CWN Desk
Published at :
जीवित महिला को फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृत दिखाया, उनके नाम की संपत्ति बेच दी

देहरादून राजपुर थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया
देहरादून। फर्जी दस्तावेज तैयार कर आरोपितों ने एक जीवित महिला को मृत दिखाया और उनके नाम की संपत्ति किसी और को बेच दी। राजपुर थाना पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में विशाल थापा निवासी लच्छीवाला ने बताया कि उनकी माता शीला थापा उर्फ शांति थापा के नाम पर जाखन में कुछ दुकानें हैं। कुछ दुकानें उनके नाम पर हैं जबकि कुछ में वह हिस्सेदार हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ समय पहले उन्हें जानकारी मिली कि उनके मामा जगत थापा व महेश थापा ने आपसी मिलीभगत से दुकानों पर कब्जा करने के उद्देश्य से 27 मार्च 2006 को एक फर्जी वसीयत तैयार की। विक्रयपत्र एवं शपथपत्रों के आधार पर अन्य सहस्वामियो को धोखा देने के उद्देश्य से संयुक्त स्वामित्व की संपत्ति को उनकी माता शीला थापा को मृत दर्शाकर दुकानें शालिनी शाही एवं अमिताभ शाही विकासनगर को बेच दी।
आरोपितों ने फर्जी वसीयत में शिकायतकर्ता की माता शीला थापा को जून 1977 में मृत होना दर्शाया गया है जबकि शीला थापा उर्फ शांति थापा आज भी जीवित हैं। राजपुर थानाध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›