Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी: तेज बहाव में फंसी फॉर्च्यूनर, बड़ा हादसा टला: मजदूरों की सूझबूझ से 10 पर्यटकों की जान बची

हल्द्वानी। देर रात हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग पर चोरगलिया थाना क्षेत्र के शेरनाले में एक बड़ा हादसा टल गया। अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम से उत्तर प्रदेश लौट रहे 10 पर्यटकों की फॉर्च्यूनर कार तेज बहाव में फंस गई। स्थानीय मजदूरों ने उन्हें नाले को पार न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर कार नाले में उतार दी।

तेज बहाव में कार कुछ ही दूरी तक बहती चली गई, लेकिन सौभाग्यवश एक बड़े पत्थर से टकराकर रुक गई। जान बचाने के लिए सभी पर्यटक किसी तरह कार से बाहर निकलकर उसकी छत पर चढ़ गए। मजदूरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

चोरगलिया थाना प्रभारी राजेश जोशी के अनुसार, कुछ पर्यटकों को हल्की चोटें आई हैं जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। सभी पर्यटक उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि शेरनाले में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग लापरवाही करते हैं। बरसात के मौसम में यहां पुलिस की तैनाती रहती है, फिर भी कई लोग जोखिम उठाने से बाज नहीं आते।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›