Report by : कालू वर्मा
Published at :
कांवड़ मेला 2025: सुरक्षा, समन्वय और सतर्कता के संकल्प के साथ हरिद्वार पुलिस तैयार, हाई लेवल अधिकारियों ने दी फोर्स को ब्रीफिंग

हरिद्वार। कांवड़ मेला 2025 के सफल आयोजन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में ADG अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें ADG अभिसूचना ए.पी. अंशुमान, IG यातायात एन.एस. नपच्याल, IG गढ़वाल राजीव स्वरूप, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित भारी पुलिस बल ने हिस्सा लिया।
पूरे मेला क्षेत्र को 16 सुपर जोन, 37 जोन और 134 सेक्टर में विभाजित किया गया है। ASP स्तर के अधिकारी सुपर जोन, CO/इंस्पेक्टर जोन और SHO स्तर के अधिकारी सेक्टर का जिम्मा संभालेंगे। मेले की निगरानी 11 ड्रोन, 700 होमगार्ड, 10 पीएसी कंपनियों, BDS/डॉग स्क्वॉड और अन्य बलों की सहायता से 24×7 की जाएगी।
ADG मुरुगेशन ने कहा कि यह यात्रा एक बड़ा लॉ एंड ऑर्डर चैलेंज है, जिसे सभी को मिलकर शांतिपूर्वक सम्पन्न कराना है। उन्होंने अफवाहों, भीड़ प्रबंधन, असामाजिक तत्वों पर नजर और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए। IG गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पार्किंग व्यवस्था और हरकी पैड़ी सुरक्षा पर बल दिया, जबकि IG ट्रैफिक एन.एस. नपच्याल ने यातायात नियंत्रण को प्राथमिकता बताया।
एसएसपी डोबाल ने कहा कि मानसून के मद्देनज़र डंडा, टॉर्च और रेनकोट हर पुलिसकर्मी के पास होना चाहिए। स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए ORS, नींबू आदि का सेवन करने की सलाह दी गई। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल ऑन रखने और सूचना तंत्र मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सभी ड्यूटीकर्मी ड्यूटी प्वाइंट पर सतर्कता, धैर्य, सौहार्द और समर्पण के साथ तैनात रहेंगे ताकि कांवड़ मेला 2025 पूरी सुरक्षा और शांति के साथ सम्पन्न हो सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›