Report by : CWN Desk
Published at :
भारी बारिश से हरिद्वार में गंगा समेत प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ा

पिथौरागढ़ में कालापानी में नाला उफान पर, भारी भूस्खलन
हरिद्वार। मूसलधार बारिश से हरिद्वार में गंगा समेत प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जल स्तर बढ़ने से आसपास की बस्तियों को खतरा पैदा हो गया है।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अतिवृष्टि के चलते हरिद्वार में गंगा उफान पर है। हालांकि अभी यह चेतावनी स्तर 293 मीटर से 30 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तटवर्ती इलाकों पर निगरानी रखी जा रही है। मूसलाधार वर्षा से जगह-जगह जलभराव हो गया है। वर्षा जारी है। कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बदस्तूर जारी है। मंगलवार तड़के से ही क्षेत्र में तेज बारिश हो रही है, जिस कारण नदियों का भी जलस्तर बढ़ गया है। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत सिगड़ी स्रोत से सटे गुज्जर बस्ती में जलभराव हो गया है। प्रशासन की ओर से मौके पर टीम को भेजा जा रहा है।
पिथौरागढ़ में चीन, नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र में भारी बारिश से नाला उफान पर आ गया। कालापानी में नाले ने कहर बरपाया। कालापानी में उफान पर आए नाले से हुए भूस्खलन से पांच परिवारों की बकरियां मलबे में दब गई हैं। ग्रामीण बाल-बाल बच गए। घटना सोमवार रात्रि साढ़े दस बजे से साढ़े ग्यारह बजे की है। मलबे में दबे बकरियों की गिनती की जा रही है। नाले ने विकराल रूप ले लिया था। ग्रामीणों ने दहशत में रात गुजारी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›