Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार-दून रेलवे ट्रैक पर गिरा पहाड़ी मलबा और बोल्डर, 16 ट्रेनें रद्द, देर रात तक बहाली कार्य जारी

हरिद्वार। मंगलवार रात करीब 7:15 बजे हरिद्वार-दून रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भीमगोड़ा स्थित काली मंदिर टनल के पास मनसा देवी की पहाड़ियों से भारी मलबे के साथ एक विशाल बोल्डर ट्रैक पर आ गिरा। इस घटना से ट्रैक की ओवरहेड एक्सटेंशन वायर टूट गई और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हरिद्वार-दून और हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बाधित हो गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना के ठीक कुछ मिनट बाद योगनगरी ऋषिकेश से उदयपुर सिटी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन इसी ट्रैक से गुजरने वाली थी, लेकिन समय रहते मलबे की सूचना मिलने पर ट्रेन को मोतीचूर और हरिद्वार स्टेशन के बीच ही रोक दिया गया।

ट्रैक बाधित होने के कारण रेलवे ने 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया जबकि चार अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। देर रात तक रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ओवरहेड वायर को जोड़ने और ट्रैक से मलबा हटाने के प्रयासों में जुटी रही।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर बीके मलिक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं, साथ ही टिकट वापसी की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी आशु शर्मा ने बताया कि मलबा हटाने के प्रयासों के दौरान पहाड़ से लगातार और मलबा गिर रहा है, जिससे कार्य में विलंब हो रहा है। अनुमान है कि बुधवार तड़के 3 बजे तक ट्रैक पूरी तरह साफ कर ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›