हल्द्वानी
हल्द्वानी में नाबालिग को स्कूटी देना पड़ा महंगा, पिता पर मुकदमा और ₹33,500 का चालान
हल्द्वानी। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस सख्त हो गई है। काठगोदाम क्षेत्र में एक नाबालिग को स्कूटी चलाने देना एक पिता को भारी पड़ गया। पुलिस ने न सिर्फ स्कूटी को सीज किया, बल्कि नाबालिग के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ₹33,500 रुपये का चालान भी किया।
चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष पंकज जोशी व चौकी प्रभारी दिलीप कुमार की टीम ने 16 वर्षीय नाबालिग को बिना लाइसेंस स्कूटी चलाते हुए पकड़ा। वाहन के दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे और पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के पाया गया।
पुलिस ने मौके पर नाबालिग के पिता को बुलाया और उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस पर स्कूटी सीज कर कोर्ट चालान जारी किया गया।
एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने कहा कि जिले में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। वहीं, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को चलाए गए चेकिंग अभियान में 462 लापरवाह चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें 6 वाहन सीज हुए, 14 चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई और कुल ₹1,51,000 का जुर्माना वसूला गया।
