अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
चम्पावत में वारदात: पूर्व विधायक के चचेरे भाई की दिनदहाड़े हत्या, गांव में दहशत
चम्पावत के खर्कबगड़ गांव में मानसिक विक्षिप्त युवक ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई की हत्या की। पुलिस ने आरोपी को दबोचा, क्षेत्र में फैली सनसनी।
चम्पावत: उत्तराखंड के चम्पावत जिले के बिस्ज्यूला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खर्कबगड़ गांव में एक 38 वर्षीय युवक ने धारदार हथियार से हमला कर 83 वर्षीय बुजुर्ग अंबादत्त खर्कवाल की निर्मम हत्या कर दी। मृतक अंबादत्त खर्कवाल पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के चचेरे भाई थे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
हमले के समय घर में अकेले थे बुजुर्ग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुभाष खर्कवाल शनिवार सुबह करीब 11 बजे दराती और फावड़ा लेकर अंबादत्त के घर पहुँचा। उस समय बुजुर्ग आंगन में अकेले थे और उनका बेटा घर पर नहीं था। आरोपी ने अचानक दराती और फावड़े से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अंबादत्त घटना से महज एक घंटा पहले ही टनकपुर से वापस गांव लौटे थे।
मानसिक बीमार बताया जा रहा है आरोपी
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी सुभाष को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना मिलते ही कोतवाल बची सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों में मचा कोहराम
अंबादत्त अपने छोटे बेटे संजय के साथ गांव में रहते थे, जबकि उनका बड़ा बेटा सुरेश टनकपुर में कार्यरत है। पत्नी के निधन के बाद वे घर पर ही समय बिताते थे। घटना के वक्त घर में किसी के न होने का फायदा आरोपी ने उठाया। पूर्व विधायक के परिवार से जुड़ी इस घटना की खबर मिलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
