Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में निर्वस्त्र मिले सैन्य अफसर, जहरखुरानी की आशंका; पुलिस ने सेना को सौंपी जिम्मेदारी

हल्द्वानी। कैंची धाम घूमने नैनीताल आए एक सैन्य अफसर को पुलिस ने बुधवार को टीपीनगर क्षेत्र में अर्धबेहोशी और निर्वस्त्र अवस्था में पाया। स्थानीय लोगों की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले गई। अफसर की मानसिक स्थिति असंतुलित प्रतीत हो रही थी और वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।
जांच में पता चला कि उक्त सैन्य अधिकारी राजस्थान के कोटा में तैनात हैं और वे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने वाले अपने विदेशी दोस्त के साथ नैनीताल घूमने आए थे। दोनों कैंची धाम जाने निकले थे लेकिन रास्ते में एक-दूसरे से बिछड़ गए। विदेशी मित्र ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी थी।
पुलिस द्वारा पूछताछ और जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला जहरखुरानी का प्रतीत हो रहा है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि अफसर की पहचान और तैनाती की पुष्टि होने के बाद सेना को सूचना दी गई। बाद में सैन्य पुलिस को बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफसर के साथ क्या हुआ और कैसे वह इस अवस्था में पहुंचे। अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराए जाने की भी संभावना है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›