Report by : CWN Desk
Published at :
मुरादाबाद: खंड शिक्षा अधिकारी वंदना सैनी वित्तीय अनियमितता में दोषी, कार्यवाही की संस्तुति

मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा घोटाला सामने आया है। नगर क्षेत्र की खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) वंदना सैनी वित्तीय अनियमितता के मामले में दोषी पाई गई हैं। समग्र शिक्षा अभियान के तहत मार्च 2025 में दो अलग-अलग कार्यक्रमों — “हमारा आंगन हमारे बच्चे” और “विद्यालय प्रबंध समिति की गोष्ठी” — के लिए क्रमशः 41,000 और 38,750 रुपये का बजट जारी हुआ था। लेकिन आरोप है कि वंदना सैनी ने 20 मार्च को दोनों कार्यक्रमों को एक साथ आयोजित कर धनराशि का गबन किया।

यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक गौड़ की शिकायत पर खुला। शिकायत की जांच सीडीओ मुरादाबाद ने कराई, जिसमें वित्तीय हेराफेरी की पुष्टि हुई। इसके बाद सीडीओ ने बीएसए विमलेश कुमार को सात दिन में कार्रवाई के निर्देश दिए। हालांकि बीएसए ने जिलाधिकारी के आदेश पर सीधे शिक्षा निदेशक इलाहाबाद को पत्र भेजकर कार्यवाही की संस्तुति कर दी।

जानकारी मिली है कि वंदना सैनी पर इससे पहले भी शिकायतें हो चुकी हैं। ऐटा जिले में तैनाती के दौरान भी उन पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे और वहां जिलाधिकारी द्वारा कार्रवाई की गई थी। अब मुरादाबाद में भी मामला साबित होने के बाद सवाल खड़ा है कि शिक्षा विभाग इस बार कठोर कदम उठाएगा या अधिकारी को फिर संरक्षण मिलेगा।

वर्तमान स्थिति में बीएसए ने शासन को रिपोर्ट भेज दी है और वंदना सैनी से गबन की गई राशि की रिकवरी तथा विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। अब निगाहें शिक्षा निदेशक पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर मामले में क्या रुख अपनाते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›