Report by : CWN Desk
Published at :
मथुरा: कर्ज न चुकाने पर चचेरे भाई और चाचा ने किसान को जंजीर से बांधकर पांच दिन तक कैद में रखा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने छुड़ाया

मथुरा (उत्तर प्रदेश)। कोतवाली छाता क्षेत्र के गांव खायरा में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां कर्ज न चुकाने पर एक किसान को उसके ही चचेरे भाई और चाचा ने जंजीर से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। पीड़ित किसान नत्थू पांडेय को पुलिस ने रविवार को मुक्त कराया, जब उनके मौसेरे और ममेरे भाई ने कैद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
नत्थू पांडेय ने अपने चाचा से करीब सात लाख रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने पर उसे पांच दिन पहले घर के एक कमरे में कैद कर दिया गया। आरोपियों ने उसके पैर में जंजीर डालकर ताला लगा दिया और जमीन का बैनामा करने के लिए दबाव बनाने लगे। दिन में लघु शंका के लिए उसे कमरे में ही रहना पड़ता था, जबकि सुबह-शाम कड़ी निगरानी में बाहर ले जाया जाता था। उसे रूखा-सूखा खाना दिया जाता था और गंदगी में ही रहना पड़ता था।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित को छुड़ाया और आरोपी चचेरे भाई को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ कर रही है। नत्थू का कहना है कि आरोपी तीन बीघा जमीन का बैनामा कराने के लिए दबाव बना रहे थे, जबकि वह केवल कर्ज के अनुसार जमीन का कुछ हिस्सा देने को तैयार था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित नशे का आदी है और गांव के लोग भी इस बात की पुष्टि करते हैं। आरोपी पक्ष का दावा है कि वे नत्थू की जमीन को बचाने और उसके बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए यह कदम उठा रहे थे।
नत्थू की पत्नी की मौत सड़क हादसे में हो चुकी है। उसका दृष्टिबाधित बेटा दिल्ली और बेटी मथुरा में रह रही है। नत्थू को आशंका है कि उसके बच्चे गांव में आए तो उन्हें भी खतरा हो सकता है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›