अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़: घाट के पास वाहन खाई में गिरा, SDRF ने शव किया बरामद
पिथौरागढ़। 11 अप्रैल 2025 की रात्रि को जनपद पिथौरागढ़ के घाट क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी, जिसमें एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस लाइन पिथौरागढ़ के माध्यम से एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए सूचित किया गया। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक आनंद सिंह मेहता के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए तुरंत रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों की मदद से एक घायल व्यक्ति को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। वहीं, दूसरा व्यक्ति खाई में ही मृत अवस्था में पाया गया।
एसडीआरएफ टीम ने गहरी खाई में उतरकर कठिन परिस्थितियों में मृतक के शव को स्ट्रेचर की सहायता से ऊपर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक की पहचान रवि कुमार (उम्र 28 वर्ष), पुत्र श्री प्रकाश राम, निवासी धमोड ऐचोली, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है।
यह दुर्घटना क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत दुखद रही और एक बार फिर से पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर करती है।




