Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान हिंसा: टोल प्लाजा पर पुलिस पर पथराव, दरोगा गंभीर घायल

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद टोल प्लाजा पर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब हाईवे पर बैठे कांवड़ियों को हटाने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक पथराव शुरू हो गया। इस हमले में दरोगा करम सिंह चौहान के सिर पर गंभीर चोट आई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ यात्री सड़क पर बैठकर जाम लगाए हुए थे। पुलिस ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो कहासुनी के बाद अचानक पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने न केवल पुलिस टीम को निशाना बनाया, बल्कि एक सरकारी वाहन और टोल पर खड़ी एक निजी बस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस और पैरामिलिट्री बल को बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां चलाई गईं। मौके से चार उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है।

इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ ने बताया कि पथराव में शामिल चार लोगों को पकड़ा गया है और आगे की जांच जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को देखते हुए टोल क्षेत्र में गश्त और पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है।

उधर, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक पर भी हाईवे से जाने की जिद कर रहे कांवड़ियों और पुलिस के बीच नोकझोंक की घटनाएं सामने आई हैं। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›