Report by : CWN Desk
Published at :
होमस्टे में आत्महत्या, शव जंगल में फेंककर छिपाई सच्चाई: पिथौरागढ़ निवासी युवक की मौत का खुलासा

हल्द्वानी। पंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा जंगल में मिले युवक भूपेंद्र सिंह की मौत की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। प्रारंभ में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जांच में यह आत्महत्या का मामला निकला, जिसे छिपाने की कोशिश की गई थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय भूपेंद्र सिंह उर्फ बॉबी निवासी नाचनी, पिथौरागढ़ के रूप में हुई। वह दिल्ली में एक रिटायर्ड अधिकारी के यहां कार्यरत था और 6 जुलाई को दिल्ली से हल्द्वानी आया था। उसी रात उसने पंजाबी मोहल्ले स्थित एक होमस्टे में आत्महत्या कर ली।

घटना का पता लगने पर होमस्टे संचालक घबरा गया और बदनामी के डर से शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। उसने शव को कार से टांडा के जंगल में ले जाकर फेंक दिया। 7 जुलाई की सुबह टांडा रेंज में वन विभाग की टीम को सड़क किनारे शव मिला। गले पर रस्सी के निशान के चलते हत्या की आशंका जताई गई थी।

सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद मृतक की बहन ने उसकी पहचान की। पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की तो सच्चाई सामने आई। होमस्टे रजिस्टर में मृतक की एंट्री तक नहीं थी।

अब पुलिस होमस्टे संचालक के खिलाफ साक्ष्य छिपाने, शव हटाने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही, अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›