Report by : CWN Desk
Published at :
पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं पर गहरा संकट! घनसाली में तीन माह में तीसरी गर्भवती की मौत, रास्ते में तोड़ा दम

चंपावत जिले के प्राथमिक विद्यालय कठौल में कार्यरत शिक्षा मित्र प्रताप सिंह बिष्ट ने स्कूल कक्ष में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह बच्चों ने देखा शव। घटना के कारणों का पता नहीं, पुलिस जाँच में जुटी।

चंपावत। जिले के सुदूरवर्ती तल्लापाल बिलौना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ प्राथमिक विद्यालय कठौल में कार्यरत संविदा शिक्षक (शिक्षा मित्र) प्रताप सिंह बिष्ट (50) ने स्कूल के अंदर ही पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना से स्कूल परिसर और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।
बुधवार की सुबह जब बच्चे रोज की तरह स्कूल पहुँचे, तो उन्होंने कक्षा का दरवाजा भीतर से बंद पाया। जिज्ञासावश खिड़की से झाँकने पर बच्चों ने शिक्षक प्रताप सिंह बिष्ट का शव गमछे के सहारे पंखे से लटका देखा। इस दृश्य के बाद स्कूल में अफरातफरी मच गई और बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर रीठासाहिब थाने से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची।
पुलिस ने मृतक के बेटे और ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार की देर रात हुई होगी। 50 वर्षीय प्रताप सिंह बिष्ट कई वर्षों से औपबंधिक शिक्षा मित्र के रूप में तैनात थे और गाँव दूर होने के कारण वह स्कूल कक्ष में ही रहा करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे टनकपुर में रहते हैं। तीसरा बेटा कुछ वर्ष पहले अग्निवीर में भर्ती हुआ था।
घटना के कारणों का अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। जूनियर हाईस्कूल कठौल के शिक्षक पीयूष शर्मा ने बताया कि उन्होंने मंगलवार शाम को प्रताप सिंह से लंबी बातचीत की थी, जिसमें वह बिल्कुल सामान्य लग रहे थे और उन्होंने किसी भी तरह के तनाव या परेशानी का जिक्र नहीं किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए टनकपुर भेज दिया है और मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›