Report by : CWN Desk
Published at :
चम्पावत-पिथौरागढ़ पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स कार्रवाई, 10 करोड़ से अधिक की ड्रग्स के साथ युवती गिरफ्तार

हल्द्वानी। कुमाऊं की ड्रग्स के खिलाफ जंग में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चम्पावत और पिथौरागढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संगठित अभियान के तहत भारी मात्रा में एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने कुल 5.688 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 10 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई नेपाल सीमा के पास टनकपुर क्षेत्र में की गई। 12 जुलाई को सुबह 5:45 बजे शारदा नहर (गढ़ीगोठ पुल, पम्पापुर) के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ा, जो काले बैग में एमडीएमए लेकर भागने का प्रयास कर रही थी। तलाशी में ड्रग्स की पुष्टि हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान ईशा पत्नी राहुल कुमार, निवासी ग्राम पम्पापुर, थाना बनबसा, जनपद चम्पावत (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी महिला ने खुलासा किया कि यह ड्रग्स उसके पति राहुल कुमार और उसके सहयोगी कुनाल कोहली (टनकपुर निवासी) ने 27 जून को पिथौरागढ़ से उसे सौंपे थे। दोनों आरोपी वर्तमान में एक अन्य एनडीपीएस केस में महाराष्ट्र के ठाणे में वांछित हैं। पुलिस की बढ़ती सक्रियता के कारण महिला अपने पति के कहने पर ड्रग्स को नहर में फेंकने जा रही थी।

यह ड्रग एमडीएमए जिसे “एक्स्टसी” या “मौली” भी कहा जाता है, एक सिंथेटिक उत्तेजक है जो युवाओं में खासकर क्लब और पार्टी संस्कृति में लोकप्रिय है। ड्रग्स की पहचान ड्रग डिटेक्शन किट से की गई। आरोपी महिला के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

इस सफलता पर आईजी कुमाऊं ने पुलिस टीम को 20,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस अब फरार पति राहुल कुमार और कुनाल कोहली के साथ-साथ ड्रग्स के अंतरराष्ट्रीय स्रोत, नेपाल और नाइजीरियाई नेटवर्क की कड़ी जांच में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›