Report by : CWN Desk
Published at :
बर्फीली हवाएं बढ़ाने लगी सर्दी, कड़ाके की ठंड

केदारनाथ से लेकर औली तक बर्फबारी
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार हो रही बर्फबारी से प्रदेश का तापमान लगातार गिर रहा है। पहाड़ की चोटियां बर्फ से सफेद हो गई हैं। वहीं, बर्फबारी होने से अब पर्यटक भी यहां बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज दून में आमतौर पर आसमान साफ रहने का अनुमान है। दोपहर बाद आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मसूरी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। सुबह और शाम कड़ाके की ठंड रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रह सकता है। पर्वतीय जिलों में पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। सर्द हवाओं के बीच सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने के साथ 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है।
प्रदेश में बर्फबारी कम होने से लोगों की चिंता बढ़ गई थी, लेकिन फरवरी में मौसम ने करवट बदली और पिछले कई दिनों से बर्फबारी का दौर जारी है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और उत्तरकाशी से लेकर औली तक लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फ की सफेद चादर के बीच कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। बर्फबारी खुशी के साथ-साथ मुसीबत भी लेकर आई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›