Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून भंडारीबाग फ्लाईओवर के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या

देहरादून। दून में निर्माणाधीन भंडारीबाग फ्लाईओवर के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोटोग्राफी के साथ साक्ष्य भी एकत्रित किए गए। पुलिस इसके कारणों की जांच कर रही है।
शहर कोतवाल राजेश साह के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे लोगों ने निर्माणाधीन भंडारीबाग फ्लाईओवर के पास शव पड़ा देखा। सूचना पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त शंभू (उम्र 39 वर्ष) हाल निवासी सिंघल मंडी देहरादून मूल निवासी-बकुला पडोना कुशीनगर यूपी के रूप में हुई। पुलिस जांच में पता चला कि किसी धारदार हथियार से शंभू का गला रेता गया था। पास ही पेपर काटने का चाकू भी पड़ा था। पुलिस ने शंभू की पत्नी और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि ट्रैक पर जहां शव पड़ा था, उससे करीब 50 मीटर दूरी पर ही वह एक मकान में रह रहा था। मौके पर पहुंची शंभू की पत्नी निर्मला ने शव की शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक, शंभू पिछले चार महीने से सिंघल मंडी में पत्नी और बेटी संग किराये पर रहता था। उसके दो और बच्चे यूपी में रहते हैं। दून में पेंटर के छोटे-छोटे ठेके लेकर काम करता था। इधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, इस वारदात के खुलासे में विभिन्न टीमें लगा दी गई हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›