Report by : CWN Desk
Published at :

ज्ञान चेतना की गंगोत्री है शांतिकुंजः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

हमारे रगों में रचा-बसा है वसुधैव कुटुम्बकम का भावः- राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

प्रतिकुलपति डॉ. पण्ड्या ने अतिथियों को युगसाहित्य और गंगाजली भेंटकर किया सम्मानित

हरिद्वार- रविवार को धर्मनगरी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि वैचारिक पृष्ठभूमि के अंतर्गत हर भारतीय के रगों में वसुधैव कुटुम्बकम् का भाव रचा बसा है। भारत इन दिनों संपूर्ण विश्व में एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य की दिशा में मानवता के लिए कार्य कर रहा है। भारत की सोच विकास को प्राप्त करना है और साथ ही अपनी विरासत को संभाल कर रखना है।
हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित जी-20 की थीम वसुधैव कुटुम्बकम् विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आचार्यश्री जैसे विरले लोग हैं, जिन्होंने करोडों लोगों के जीवन में बदलाव के लिए कार्य किया है। आचार्यश्री के सामाजिक आध्यात्मिक आंदोलन हम बदलेंगे युग बदलेगा जैसे आदर्श वाक्य को अपना कर मैंने जीवन में बहुत कुछ पाया है। कहा कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में योग, आयुर्वेद आदि विषयों में हो रहे रिसर्च मानवता के विकास की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आचार्य श्री ने हम बदलेंगे युग बदलेगा का मंत्र देकर समाज में जो जन जागृति लाने का पुनीत कार्य किया है, इसके लिए आने वाली पीढ़ियां सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। शांतिकुंज ज्ञान चेतना की गंगोत्री है। कहा कि पूज्य आचार्यश्री ने गायत्री माता एवं यज्ञ को घर-घर स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुर्नभाषित किया। साथ ही उनके सिद्धांतों पर गायत्री परिवार द्वारा साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य किया जा रहा है, यह अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने जी-20 की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। इससे पहले देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि एकता, समता, सुचिता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है।भारतीय इतिहास को हमारे ऋषियों ने संवारा है। कहा कि हम रहें या न रहें, लेकिन देश हमेशा रहेगा, इसलिए देश के गौरव और उत्थान के लिए हर संभव कार्य करना चाहिए। इसके बाद जेपी नड्डा ने सपरिवार गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ प्रणव पंड्या और शैलदीदी से भेंटकर आशीष एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी भाजपा दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सहप्रभारी रेखा वर्मा, सांसद नरेश बंसल, सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक मदन कौशिक, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगई आदि मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›