Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: मुखानी में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने लगाया फंदा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के मुखानी में अल्मोड़ा के 19 वर्षीय छात्र हेमंत परिहार ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें।

हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक और दुखद मामला सामने आया है। यहाँ भगवानपुर केसर कॉलोनी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सुनियाकोट (बड़गांव) का निवासी हेमंत परिहार (19 वर्ष) हल्द्वानी में अपने ताऊ के घर पर रह रहा था। वह यहाँ रहकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (Competitive Exams) की तैयारी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह हेमंत हमेशा की तरह सामान्य रूप से मॉर्निंग वॉक पर गया था। बाहर से लौटने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक जब हेमंत कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के बाहर से हेमंत को कई बार आवाजें दीं और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर जब परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। हेमंत कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा और युवक को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए।
परिजनों ने आनन-फानन में युवक को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल पहुंचाया। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक छात्र के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। युवा छात्र की मौत से पूरी कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।

Select Language

Advertisement