Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि, कहा – शहीदों के सपनों का बने उत्तराखंड

अल्मोड़ा। गांधी पार्क में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। भारी वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शहीदों को नमन किया।
सभा की अध्यक्षता आनंदी वर्मा और संचालन एडवोकेट नारायण आर्य ने किया। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि राज्य की अवधारणा और प्राकृतिक संसाधनों को लगातार नुकसान पहुँचाया गया है। पूंजीपतियों और माफियाओं को संरक्षण देकर जल-जंगल-जमीन की लूट को बढ़ावा दिया गया, जिससे बेरोजगारी, पलायन और आपदाएं बढ़ी हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बाज़ार के हवाले कर दिया गया है, जिससे असमानता गहराई है।
वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का सपना केवल राज्य निर्माण नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण और स्वाभिमानी उत्तराखंड था। सभा में “शहीदों हम शर्मिंदा हैं” और “जल-जंगल-जमीन हमारी है” जैसे नारे गूंजे। सभी जनसंगठनों ने आह्वान किया कि जनता एकजुट होकर राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों की पुनर्स्थापना और अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष का नया चरण शुरू करे।
सभा का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए जनजागरण और जनसंगठन की ताकत को पुनर्जीवित किया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›