Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी: गौला नदी में डूबे दो किशोर, दर्दनाक मौत से गांव में शोक की लहर

हल्द्वानी (लालकुआं)। हल्दूचौड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम बकुलिया से मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। ग्राम पंचायत किशनपुर सकुलिया के दो किशोर, 15 वर्षीय अंकित भौर्याल पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और कृष दानू पुत्र दरबान सिंह दानू, गौला नदी में नहाने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिल सका।

बुधवार सुबह पुनः खोजबीन शुरू की गई तो नदी किनारे दोनों किशोरों के कपड़े मिले, जिससे उनके डूबने की आशंका गहरा गई। इसके बाद गांव के गोताखोरों की मदद ली गई और कुछ ही देर में नदी से पहले एक बच्चे का शव बरामद किया गया। करीब 11 बजे दूसरे किशोर का शव भी मिल गया।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बकुलिया गांव और आसपास के क्षेत्र को सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार, अंकित नौवीं और कृष दसवीं कक्षा के छात्र थे तथा मोटाहल्दू स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ते थे।

स्थानीय निवर्तमान ग्राम प्रधान विपिन चंद्र जोशी सहित ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश में सहयोग किया। यह हादसा गौला नदी में सुरक्षा के अभाव और बच्चों की जागरूकता की कमी की ओर भी इशारा करता है। प्रशासन से ग्रामीणों ने नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›