Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार: निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद दो महिलाओं की मौत, हंगामा

हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद क्षेत्र स्थित अत्मलपुर बोंगला के एक निजी अस्पताल में रविवार को दो प्रसूताओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना देर रात की है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। मृतकों की पहचान खुशबू (23) पत्नी मोंटी, निवासी मानूबास और मीनाक्षी (24) पत्नी नीतू, निवासी ननौता, सहारनपुर के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और रविवार सुबह ऑपरेशन से डिलीवरी हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद संबंधित महिला डॉक्टर, जो स्वयं गर्भवती हैं, अस्पताल से चली गईं और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कोई विशेषज्ञ डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं था। शाम के समय दोनों महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन चिकित्सकीय सहायता न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और अपर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

सिडकुल थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर जब्त कर लिए हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना ने दो नवजातों को जन्म के पहले ही दिन मां की ममता से वंचित कर दिया है। यह सवाल उठाता है कि क्या निजी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं वास्तव में भरोसेमंद हैं या फिर यह लापरवाही जानलेवा बन चुकी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›