अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ सीमा से सटे क्षेत्र में मातम: बैतडी में बारात की बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल
नेपाल के बैतडी में भीषण सड़क हादसा। बारात की बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत और 34 घायल। पिथौरागढ़ सीमा से सटे क्षेत्र में मातम।
झूलाघाट (पिथौरागढ़): उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से सटे नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ। यहाँ दुल्हन को लेकर जा रही बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस Nepal Bus Accident में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 34 अन्य घायल हुए हैं।
मोड़ पर बिगड़ा संतुलन और मच गई चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, बस (संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119) पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। रात के समय बड़गांव मोड़ की तीखी चढ़ाई पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बस सीधे खाई में समा गई। अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थानीय पुलिस, नेपाल एपीएफ और ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुँचाया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा, डडेलधुरा अस्पताल में पांच और कोटिला अस्पताल में दो अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग (क्षमता से अधिक सवारी) को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान और परिवारों में कोहराम
इस हादसे में मरने वाले अधिकांश लोग बजांग जिले के निवासी हैं। मृतकों में केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी (41) समेत 13 लोग शामिल हैं। इस घटना ने बारात की हंसी-खुशी को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया। पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में शोक
झूलाघाट और पिथौरागढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इस घटना से गहरा दुख है, क्योंकि इन क्षेत्रों के बीच गहरे पारिवारिक और व्यापारिक संबंध हैं। खुशियों का सफर इस तरह मातम में बदल जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
