Report by : Paras Bisht
Published at :
जंगली लिंगुड़ा बना ज़हर: हल्द्वानी में महिला की इलाज के दौरान मौत, पति भी पड़ा था बीमार

हल्द्वानी। रानीखेत में जंगली सब्जी लिंगुड़ा खाने से बीमार हुई महिला की डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उपचार के दौरान मौत हो गई। मूल रूप से नेपाल के थापापुर निवासी मिलन अपनी 23 वर्षीय पत्नी सपना और बच्चों के साथ रानीखेत में रहते हैं। दोनों दंपती मजदूरी कर परिवार चलाते थे।

करीब आठ दिन पहले मिलन जंगल से लिंगुड़ा तोड़कर लाए थे। सपना ने इसे सब्जी बनाकर पति के साथ खाया। खाना खाने के कुछ देर बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। तबीयत गंभीर होने पर दोनों को रानीखेत के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन दिन इलाज के बाद स्थिति में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।

हालांकि, छुट्टी के कुछ दिन बाद सपना की हालत फिर से बिगड़ने लगी। मंगलवार को परिजन उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी लेकर पहुंचे, जहां बुधवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि सपना के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि सपना की तबीयत जंगली लिंगुड़ा खाने के बाद बिगड़ी थी। प्रारंभिक जानकारी में विषाक्तता का अंदेशा है। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›