हल्द्वानी
न्यूज़ पोर्टल इनपैनलमेंट 2026: विज्ञापन दरों पर मायूस संचालक, महानिदेशक से पुनर्विचार की मांग
हल्द्वानी में हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन की बैठक में वर्ष 2026 के लिए तय न्यूज़ पोर्टल विज्ञापन दरों पर चिंता जताई गई। महानिदेशक सूचना से पुनर्विचार की मांग।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में डिजिटल मीडिया एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक हल्द्वानी में ‘हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन’ के बैनर तले न्यूज़ पोर्टल संचालकों की एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टल इनपैनलमेंट प्रक्रिया और निविदा में निर्धारित खुले विज्ञापन रेट पर गहन चर्चा हुई। सोमवार को सूचना महानिदेशालय द्वारा निविदा खोले जाने के बाद से ही पोर्टल संचालकों में असंतोष देखा जा रहा है।
कम विज्ञापन दरों पर जताया आश्चर्य बैठक के दौरान न्यूज़ पोर्टल संचालकों ने सरकार द्वारा तय की गई विज्ञापन दरों पर गहरा आश्चर्य और चिंता व्यक्त की। संचालकों का कहना है कि वर्तमान समय में न्यूज़ पोर्टलों के संचालन और दैनिक खर्चों को देखते हुए ये दरें बेहद कम और अव्यहारिक हैं। डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद आर्थिक हितों की अनदेखी की जा रही है।
महानिदेशक सूचना से पुनर्विचार की अपील सभी पोर्टल संचालकों ने सर्वसम्मति से महानिदेशक सूचना से अपील की है कि निर्धारित दरों पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने मांग की कि पत्रकारों और पोर्टल संचालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित एवं व्यावहारिक दरें तय की जाएं। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल मीडिया पत्रकारिता के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रहा है, इसलिए इसे संबल मिलना चाहिए।
दर्जनों वरिष्ठ पत्रकार रहे मौजूद इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के कई प्रमुख पत्रकार एवं पोर्टल संचालक शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल और अकरम सिद्दीकी उपस्थित रहे।
