हल्द्वानी
हनुमान अंश उत्तराखंड में टैक्स फ्री: 2 करोड़ की फिल्म ने कमाए 54 करोड़
उत्तराखंड में फिल्म हनुमान अंश टैक्स-फ्री घोषित! 2 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 54 करोड़ कमाए। जानिए निर्माता महेन्द्र नागर ने सीएम धामी का आभार क्यों जताया।
हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड सरकार ने बाबा श्री नीब करौरी जी महाराज के दिव्य जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। इस ऐतिहासिक फैसले पर शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक और राष्ट्रीय युवा हिन्दू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेन्द्र नागर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल एक फिल्म को छूट देना नहीं, बल्कि कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत और करोड़ों सनातनियों की आस्था का सम्मान है।
मात्र 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक चमत्कार बनकर उभरी है। शुरुआत में बेहद कम प्रचार के कारण पहले दिन फिल्म ने महज 10 लाख रुपये का कारोबार किया था और कई थिएटर्स से इसे हटा भी दिया गया था। हालांकि, बाबा के भक्तों की माउथ पब्लिसिटी और जन-समर्थन के दम पर तीसरे हफ्ते से फिल्म का प्रदर्शन पूरी तरह पलट गया। देखते ही देखते यह फिल्म 54 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर बड़ी ब्लॉकबस्टर बन चुकी है।
फिल्म के लेखक और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने ‘प्रेम, सेवा और विनम्रता’ के संदेश को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। फिल्म में नीम करौरी बाबा का मुख्य किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या की एक्टिंग की देशभर में जमकर तारीफ हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव पहले इस फिल्म में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर थे, लेकिन मुख्य अभिनेता के अस्वस्थ होने पर 5 घंटे लंबे ऑडिशन के बाद उन्हें यह अहम भूमिका सौंपी गई थी।
फिल्म की अभूतपूर्व सफलता से उत्साहित निर्माता महेन्द्र नागर ने पूरी स्टारकास्ट और तकनीकी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने बाबा के चरणों में प्रार्थना की कि यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो। इसके अलावा, नागर ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ को पूरे भारत में टैक्स-फ्री किया जाए, ताकि बाबा नीब करौरी जी का पावन संदेश देश के हर घर तक आसानी से पहुंच सके।
