हल्द्वानी
हल्द्वानी: अनाथ हर्षित आर्या के इलाज के लिए आगे आया समाज, समाजसेवी दंपति ने जनप्रतिनिधियों से की अपील
हल्द्वानी के गौलापार निवासी अनाथ हर्षित आर्या गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। समाजसेवी विशाल वर्मा व अंजलि वर्मा ने जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित गौलापार क्षेत्र से एक मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गंभीर बीमारी से जूझ रहा अनाथ बालक हर्षित आर्या इस समय जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। उसकी बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए समाजसेवी विशाल वर्मा और उनकी पत्नी पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम जनता से बच्चे की जान बचाने के लिए आर्थिक मदद की अपील की है।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले हर्षित के माता-पिता का काफी समय पहले ही देहांत हो चुका है। वर्तमान में वह अपनी बहन के साथ गौलापार में एक किराये के कमरे में रहता है। घर में कोई कमाने वाला सदस्य न होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद दोनों भाई-बहन जैसे-तैसे अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
हर्षित को पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, डॉक्टरों की विशेष सलाह और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे रामपुर रोड स्थित PSP Hospital, Haldwani में भर्ती कराया गया। निजी अस्पताल होने के कारण रोजाना की महंगी जांचों, दवाइयों और भर्ती के खर्च का बोझ बढ़ता ही जा रहा है। पैसों की कमी के चलते इलाज में कोई रुकावट न आए, इसके लिए सामाजिक स्तर पर सहायता राशि जुटाने का प्रयास जारी है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने भावुक होकर कहा कि इंसानियत को जिंदा रखते हुए हर सक्षम नागरिक को आगे आना चाहिए। गौलापार निवासी हर्षित की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। उन्होंने सांसद, मंत्रियों, विधायकों, दर्जा राज्यमंत्रियों और स्थानीय व्यापारियों से हाथ जोड़कर निवेदन किया है कि जितना संभव हो सके, इस अनाथ बच्चे के इलाज के लिए सहयोग प्रदान करें। आपका एक छोटा सा योगदान किसी मासूम को नया जीवन दे सकता है।
