हल्द्वानी
हल्द्वानी में बड़ा हादसा: भुजियाघाट गधेरे में उफनते पानी में बहा 17 वर्षीय आदित्य
हल्द्वानी के भुजियाघाट में दोस्तों के साथ पार्टी करने गया 17 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बहा। काठगोदाम बैराज तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी। जानिए ताज़ा हालात।
हल्द्वानी। भुजियाघाट में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा गधेरे (बरसाती नाले) में आए अचानक पानी के तेज बहाव में बह गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने देर शाम तक काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। प्रशासन की लगातार अपीलों के बावजूद उफनते नदी-नालों के पास जाना हादसों का कारण बन रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर रोड टीपीनगर निवासी अशोक टम्टा का बेटा आदित्य शनिवार दोपहर अपने छह दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ भुजियाघाट गया था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब सभी युवक गधेरे में नहा रहे थे, तभी पहाड़ी क्षेत्र में हुई बारिश के कारण अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ गया। किनारे खड़े साथियों ने खतरा देखकर आदित्य को बाहर आने के लिए चिल्लाया। पानी का प्रचंड रूप देखकर घबराए आदित्य ने जैसे ही बाहर निकलने के लिए छलांग लगाई, उसका पैर फिसल गया।
पैर फिसलते ही आदित्य सीधे उफनते गधेरे में जा गिरा और देखते ही देखते तेज बहाव में ओझल हो गया। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और दोपहर एक बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई। काठगोदाम कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस और दमकल की टीमों ने रेस्क्यू उपकरणों के साथ काठगोदाम बैराज तक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, सूरज ढलने तक किशोर का कुछ पता नहीं चल सका, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी ओर, बारिश के कारण पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने का सिलसिला भी जारी है। खैरना-रानीखेत स्टेट हाईवे पर भुजान स्थित कनवाड़ी की पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से कई वाहन सवार बाल-बाल बचे। इसके अलावा भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी पाडली, दोपाखी और लोहाली के पास पहाड़ियों से लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
