हल्द्वानी
हल्द्वानी में सीएम धामी ने किया उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास
हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ₹43.50 करोड़ की लागत से बनने वाले राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत शुभारंभ किया। गौलापार में लगभग ₹43.50 करोड़ की लागत से इस आधुनिक क्रीड़ा विश्वविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी मैदान में कड़ी मेहनत करें और पदक जीतकर देश का नाम रोशन करें। सरकार संसाधनों और आर्थिक मदद में कोई कमी नहीं आने देगी। उन्होंने बताया कि अब खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए ‘मौली एआई’ (Mauli AI) एप्लीकेशन विकसित की गई है। इसके साथ ही राज्य की नई खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि अब तक उत्तराखंड के युवाओं को खेल शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था, लेकिन इस विश्वविद्यालय से राज्य में ही विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों और 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखकर विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में दो स्नातक और आठ डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। आगामी शैक्षणिक सत्र से मांग के अनुसार पाठ्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2036 के ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर आधुनिक और तकनीक-आधारित नए कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिससे राज्य के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का पूरा अवसर मिलेगा।
