हल्द्वानी
हल्द्वानी में स्वाइन फ्लू का कोहराम: 3 दिन में दूसरे बुजुर्ग की मौत से हड़कंप
हल्द्वानी एसटीएच में स्वाइन फ्लू से 3 दिन के भीतर दूसरे बुजुर्ग की मौत! स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड तैयार। जानिए जिले में क्या हैं ताज़ा हालात।
हल्द्वानी। स्वामी राम कैंसर अस्पताल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज (एसटीएच) में स्वाइन फ्लू का प्रकोप गहराता जा रहा है। महज तीन दिन के भीतर स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक और बुजुर्ग मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद एसटीएच प्रबंधन और नैनीताल जिला स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को निमोनिया और सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने पर 2 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 4 सितंबर को आई पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट में उनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान 5 सितंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे पहले बीते गुरुवार को भी नैनीताल निवासी एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू के कारण जान जा चुकी है।
वर्तमान में एसटीएच में स्वाइन फ्लू से पीड़ित दो अन्य मरीज भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इसके अलावा स्वाइन फ्लू के लक्षणों वाले एक संदिग्ध मरीज को भी निगरानी में रखा गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एसटीएच प्रबंधन ने अस्पताल में एक विशेष स्वाइन फ्लू क्लीनिक शुरू किया है। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को तुरंत विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि मृतक मरीज पहले से ही अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वाइन फ्लू को लेकर जिले के सभी अस्पतालों में पूर्ण सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग आम जनता से भी अपील कर रहा है कि वे फ्लू के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
