हल्द्वानी
हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धीकरण विवाद: राहुल गांधी पर केस दर्ज, कांग्रेस का हल्ला बोल
हल्द्वानी रामलीला मैदान विवाद में राहुल गांधी पर एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। इसके विरोध में कांग्रेस 31 अगस्त को राज्यभर में प्रदर्शन करेगी।
हल्द्वानी। रामलीला मैदान के तथाकथित ‘शुद्धीकरण’ को लेकर छिड़ी सियासी जंग अब और तेज हो गई है। पुलिस ने रविवार को हल्द्वानी कोतवाली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने शुद्धीकरण शब्द का इस्तेमाल कर इसे जातिगत रंग देने और छुआछूत से जोड़ने की कोशिश की।
यह शिकायत जवाहर नगर निवासी और श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि 8 अगस्त को कांग्रेस की रैली के बाद मैदान में गंदगी मिली थी, जिसकी सफाई के लिए 11 अगस्त को अनुसूचित जाति के सदस्यों के साथ मिलकर हवन-पूजन किया गया था। उनका आरोप है कि राहुल गांधी के बयान से उनकी और उनके समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस कार्रवाई और पूरे मामले के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए इस घटनाक्रम को पार्टी ने खरगे का अपमान करार दिया है। नई दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में फैसला लिया गया कि 31 अगस्त को सुबह 11 बजे राज्य की सभी कोतवालियों और थानों में भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व अन्य के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।
इधर, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अनुसूचित प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने डेढ़ घंटे तक मौन व्रत रखकर अपना विरोध जताया। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व सूचना के बावजूद प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। इस विरोध प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हुए।
